चंडीगढ़ , अप्रैल 1 -- पंजाब की औद्योगिक राजधानी लुधियाना के लिए एक ऐतिहासिक क्षण में, हलवारा हवाई अड्डे से उड़ानों की बुकिंग जल्द ही शुरू होने जा रही है और परिचालन आगामी 15 मई से शुरू हो जायेगा। यहां शुरुआत में एयर इंडिया की दो उड़ानें लुधियाना को दिल्ली से जोड़ेंगी, जिससे पिछले 30 से अधिक वर्षों का पुराना सपना साकार होगा।

राज्य में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने सपत्नीक 15 मई, 2026 को निर्धारित दिल्ली से हलवारा की पहली उड़ान की टिकट बुक की है। एयरलाइंस के सूत्रों के अनुसार, दिल्ली-लुधियाना-दिल्ली सेक्टर की टिकटें हाथों-हाथ बिक रही हैं।

राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में, राज्य सरकार ने इस लंबे समय से लंबित परियोजना को पुनर्जीवित करने और तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे लुधियाना के पास एक चालू हवाई अड्डे का सपना हकीकत बन गया।

हलवारा हवाई अड्डे के चालू होने से व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवासियों व व्यापारिक समुदाय के लिए यात्रा की सुविधा में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है। यह निर्यातकों, उद्योगपतियों और उद्यमियों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाएगा, जिससे एक प्रमुख आर्थिक केंद्र के रूप में लुधियाना की स्थिति और मजबूत होगी।

आभार व्यक्त करते हुए, संजीव अरोड़ा ने उन सभी हितधारकों, सरकारी एजेंसियों और उद्योग जगत के नेताओं के समर्थन को स्वीकार किया जिन्होंने इस परियोजना को सफल बनाने में योगदान दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह उपलब्धि न केवल बुनियादी ढांचे का विकास है, बल्कि पंजाब को राष्ट्रीय और वैश्विक आर्थिक गलियारों के साथ एकीकृत करने की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित