पटना, मार्च 18 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि वे खुद हर 15 दिन में सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा करेंगे, जिससे काम में तेजी बनी रहे और तय समय पर लक्ष्य पूरा हो सके।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने सभी जिलों के बंदोबस्त अधिकारियों को निर्देश दिया है कि रोजाना तय लक्ष्य के हिसाब से काम करें। उन्होंने कहा कि हर दिन का लक्ष्य तय हो, शाम में उसकी समीक्षा हो और उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए। उन्होंने बताया कि पहले चरण के 20 जिलों के 89 अंचलों में सर्वेक्षण का काम इस साल के अंत तक हर हाल में पूरा करना है। अभी तक 67 फीसदी से ज्यादा मौजों का ड्राफ्ट पब्लिकेशन हो चुका है, जबकि 33 फीसदी से अधिक का फाइनल पब्लिकेशन भी पूरा कर लिया गया है। वहीं दूसरे चरण के 36 जिलों के 445 अंचलों में त्रिसीमाना, सीमा सत्यापन और किश्तवार का काम तेजी से पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।काम की बेहतर मॉनिटरिंग के लिए भू अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय में एक विशेष टीम भी बनाई गई है, जो लगातार प्रगति पर नजर रख रही है।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने बताया कि शेखपुरा जिला सर्वेक्षण कार्य में अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जो बाकी जिलों के लिए एक अच्छा उदाहरण है। उन्होंने अन्य जिलों को भी उसी तरह लक्ष्य तय कर तेजी से काम करने को कहा।उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य में भूमि प्रबंधन को पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए बहुत जरूरी है। इसलिए इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा का मानना है कि इस अभियान के पूरा होने से जमीन से जुड़े विवाद काफी कम होंगे और आम लोगों को राजस्व से जुड़ी समस्याओं में बड़ी राहत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित