दरभंगा , मई 19 -- बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह दरभंगा जिला प्रभारीई.मंत्री कुमार शैलेंद्र ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर सुपात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है।

दरभंगा जिले के सिंहवारा, केवटी और हनुमाननगर प्रखंड में आयोजित "सहयोग शिविर" को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पंचायत स्तर पर मेगा शिविर आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त अधिकांश समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जाएगा, जबकि शेष मामलों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।

मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा में शिकायतों का समाधान नहीं करने वाले अधिकारियों पर निलंबन और बर्खास्तगी जैसी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, क्योंकि अधिकारी स्वयं पंचायत स्तर पर पहुंचकर समस्याएं सुन रहे हैं।

कार्यक्रम में केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, जिलाधिकारी कौशल कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों में अब तक 632 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके त्वरित निष्पादन की प्रक्रिया चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित