चंडीगढ़ , अगस्त 20 -- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने गुरुवार को पानीपत जिला सचिवालय सभागार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 8 का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि सात शिकायतों को विस्तृत कार्रवाई और आगामी बैठक में सुनवाई के लिए लंबित रखा गया।
श्री गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के तहत प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी उद्देश्य से हर महीने जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की जाती है। इसमें शिकायतकर्ता और संबंधित पक्षों को सुनकर तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं करती। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाता है और सभी पक्षों की सुनवाई के बाद निष्पक्ष निर्णय लिया जाता है।
श्री गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को महज औपचारिकता न मानें, बल्कि प्रत्येक शिकायत की तह तक जाकर उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। जहां किसी स्तर पर लापरवाही सामने आए, वहां नियमानुसार जिम्मेदारी तय की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित में अनेक योजनाएं चला रही है और हर घर जल योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलस्तर बढ़ने से जलभराव की समस्या सामने आती है। उन्होंने संबंधित विभागों को इन समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करने तथा पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में शहरी विधायक प्रमोद विज, उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, एएसपी हर्षित गोयल, निगम अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित