पटना , जनवरी 21 -- स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने तथा स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पटना नगर निगम की ओर से एक नई और महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की जा रही है, जिसके तहत पटना नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड से एक 'नगर मित्र' का चयन किया जाएगा, जो अपने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को ज़मीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेगा।
नगर मित्र की भूमिका केवल निगरानी तक सीमित नहीं होगी, बल्कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने, नागरिकों को जागरूक करने तथा स्वच्छ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करने का कार्य भी करेंगे। नगर मित्र अपने निवास स्थान के दोनों ओर पाँच-पाँच घरों तक की सड़क, गली एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की नियमित निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी व्यक्ति सड़क, गली, नाली अथवा खुले स्थानों पर कचरा न फेंके।
इसके अतिरिक्त नगर मित्र स्थानीय नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में सहयोग, प्लास्टिक के सीमित उपयोग तथा स्वच्छता से जुड़े नियमों के पालन के लिए प्रेरित करेंगे।
किसी भी प्रकार की सफाई संबंधी समस्या की जानकारी समय पर नगर निगम को उपलब्ध कराना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी, जिससे त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
नगर मित्र के चयन की प्रक्रिया पटना नगर निगम के सफाई इंस्पेक्टर एवं सिटी मैनेजर की निगरानी में की जाएगी। चयन के दौरान संबंधित क्षेत्र के आसपास के घरों से भी जानकारी ली जाएगी, जिससे जिम्मेदार, जागरूक एवं स्वच्छता के प्रति संवेदनशील नागरिक को नगर मित्र के रूप में चुना जा सके।
पटना नगर निगम द्वारा जिस प्रकार नगर शत्रु को तस्वीर पटना स्मार्ट सिटी द्वारा अधिस्थापित वीएमडी पर प्रसारित को गई थी उसी प्रकार नगर मित्र के चयन के बाद उनकी तस्वीर वीएमडी पर दिखायी जाएगी।
गौरतलब है कि पटना नगर निगम द्वारा नगर शत्रु पकड़ने का अभियान लगातार जारी है । सघन अभियान के तहत लगभग 2000 लोगों को चिह्नित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित