नयी दिल्ली , मई 20 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार का मानना है कि हर युवा में प्रतिभा होती है तथा आवश्यकता केवल उसे सही अवसर और मंच देने की है।
श्रीमती गुप्ता ने आज यहां 'टैलेंट हंट स्कीम - हौसलों की उड़ान 2026-27' की घोषणा करते हुए कहा कि यह पहल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं की प्रतिभा को पहचानने, निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक सशक्त मंच बनेगी। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी योजना के आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि यह लोगो दिल्ली के युवाओं के सपनों, रचनात्मकता और उड़ान भरते आत्मविश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का मानना है कि हर युवा में प्रतिभा होती है और आवश्यकता केवल उसे सही अवसर और मंच देने की है। इसी सोच के साथ कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग द्वारा इस योजना का क्रियान्वयन किया जाएगा। यह योजना दिल्ली के युवाओं को अपनी कला दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और पहचान बनाने का अवसर देगी। साथ ही, यह दिल्ली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक रचनात्मकता को भी बढ़ावा देगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं की खोज करना नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं के लिए एक ऐसा मंच तैयार करना है जो सुगमता, समावेशिता, विविधता और प्रतिभाशाली युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसरों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह पहल विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं को समान अवसर प्रदान करते हुए उनकी रचनात्मक क्षमता को नई दिशा देगी।
उन्होंने कहा कि यह योजना दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में लागू की जाएगी। योजना के लिए 10 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत लगभग 25,000 से अधिक युवाओं को विभिन्न चरणों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा ताकि हर प्रतिभागी को समान अवसर मिल सके। 16 से 35 वर्ष के युवा इस योजना के अंतर्गत मंगलवार से डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.दिल्लीटैलेंटहब.कॉम के समर्पित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बिल्कुल निःशुल्क पंजीकरण कर सकेंगे। इसी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, कार्यक्रम की जानकारी और अपडेट्स भी नियमित मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में ऑनलाइन पंजीकरण और सातों श्रेणियों में प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग एवं शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से लगभग 24,500 प्रतिभागियों का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा। दूसरे चरण में 35 क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसमें प्रत्येक क्लस्टर में दो विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। इस चरण में विभिन्न श्रेणियों से कुल 2,450 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। तीसरे चरण में चयनित प्रतिभागियों के लिए चार जोनल स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जहां प्रत्येक श्रेणी के श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद अंतिम चरण में 28 फाइनलिस्ट प्रतिभागियों के बीच अगस्त में राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा, जिसमें सातों श्रेणियों में विजेताओं को पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही, प्रत्येक फाइनलिस्ट प्रतिभागी को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली 'क्रिएटिव कैपिटल' और 'यूथ कैपिटल' बन रही है। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ़ दिल्ली के भव्य और सफल आयोजन के बाद अब दिल्ली 'दिल्ली टैलेंट हंट - हौसलों की उड़ान' जैसे बड़े आयोजन के लिए तैयार है। आत्मनिर्भर भारत' संकल्प की दिशा में यह पहल दिल्ली के युवाओं को अपनी कला, रचनात्मकता और हुनर को एक बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी और उनके आत्मनिर्भर बनने का मार्ग प्रशस्त करेगी। दिल्ली टैलेंट हंट का उद्देश्य केवल प्रतिभा की खोज करना नहीं, बल्कि उसे उचित मार्गदर्शन, पहचान और अवसर उपलब्ध कराना भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित