बैतूल , सितंबर 17 -- राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 के तहत जिला चिकित्सालय बैतूल में गुरुवार को पीएम आरोह मासिक सिकल सेल स्वास्थ्य एवं परामर्श ओपीडी तथा सिकल सेल डे-केयर वार्ड का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर ने सुविधाओं का उद्घाटन किया।
केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने कहा कि सिकल सेल की जांच और उपचार को जिला स्तर से आगे बढ़ाकर विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक देश को सिकल सेल एनीमिया से मुक्त करने के लक्ष्य के लिए समय पर जांच, उपचार और नियमित निगरानी जरूरी है।
विधायक डॉ. पंडाग्रे ने कहा कि बीमारी की समय पर पहचान और नियमित उपचार से इसके प्रभाव को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रत्येक माह की 17 तारीख को जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सिकल सेल मरीजों के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। मरीज जांच और फॉलोअप करा सकेंगे।
सिकल सेल की नोडल अधिकारी डॉ. अंकिता सीते ने बताया कि ओपीडी में स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, दवा, पोषण और जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन के साथ नियमित फॉलोअप किया जाएगा। डे-केयर वार्ड में जरूरतमंद मरीजों को दिन के दौरान चिकित्सकीय निगरानी और आवश्यक उपचार मिलेगा। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित देखभाल की सुविधा मिल सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित