पटना , जून 01 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के भुगतान को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि प्रत्येक माह की 10 तारीख तक लाभार्थियों के खातों में राशि हर हाल में पहुंच जानी चाहिए और इसमें किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सोमवार को यहां समाज कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत भुगतान निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री चौधरी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं की तकनीक आधारित गहन निगरानी के निर्देश भी दिए।उन्होंने कहा कि सेविका एवं सहायिका की उपस्थिति के साथ-साथ लक्षित बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र जितना बेहतर ढंग से संचालित होगा, बच्चों का विकास उतना ही प्रभावी होगा।
श्री चौधरी ने राज्य में स्टंटिंग एवं वेस्टिंग के आंकड़ों में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए परवरिश योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के दायरे का विस्तार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए समय-समय पर समीक्षा की जाए।उन्होंने समाज कल्याण विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को सुदृढ़ बनाने के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के माध्यम से सहयोग लेने तथा सभी योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा के दौरान समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर० श्रीनिवास ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के संबंध में अद्यतन जानकारी दी। उन्होंने समेकित बाल विकास सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा निदेशालय, समाज कल्याण निदेशालय, महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा किये जा रहे कार्यों के संबंध में भी जानकारी दी।
बैठक में समाज कल्याण मंत्री श्रीमती श्वेता गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के निदेशक धर्मेन्द्र कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित