चंडीगढ़ , जुलाई 20 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने सोमवार को कहा कि पंजाब सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने पर अब तक 298 करोड़ रुपये खर्च किये हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में हर महीने करीब 1.20 करोड़ मुफ्त बस यात्राएं महिलाएं कर रही हैं। डॉ. कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि मुफ्त बस यात्रा योजना महिलाओं के लिए सबसे प्रभावी और लोकप्रिय योजनाओं में से एक बनकर उभरी है।
उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं पर आने वाला यात्रा खर्च काफी कम हुआ है और रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करने वाली लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सस्ती और सुलभ परिवहन सुविधा मिलने से महिलाएं अधिक आत्मविश्वास के साथ घर से बाहर निकल रही हैं और सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ी है।
डॉ कौर ने बताया कि यह सुविधा राज्य सरकार द्वारा संचालित बसों में उपलब्ध है, जिससे महिलाओं को सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं की आवाजाही, स्वतंत्रता और आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का लक्ष्य ऐसा 'रंगला पंजाब' बनाना है, जहां हर महिला सुरक्षित माहौल में यात्रा कर सके, सम्मान के साथ जीवन जी सके और अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी महिलाओं के सशक्तीकरण और जनकल्याण के लिए ऐसी लोकहितैषी योजनाएं जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित