रांची , जून 12 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वोट केवल एक अधिकार नहीं बल्कि नागरिक पहचान का आधार है।
जामताड़ा प्रखंड कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बीएलए-2 कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम मंत्री आवास, जामताड़ा में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं बीएलए -2 सदस्यों ने भाग लिया और संगठनात्मक मजबूती का संकल्प लिया।
मंत्री डॉ. अंसारी कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने बूथों पर प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराएं तथा किसी भी व्यक्ति का नाम कटने न पाए। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा जामताड़ा को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के नाम पर एक सुनियोजित प्रक्रिया के माध्यम से गरीबों, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों के वोट को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि मैंने अपने अन्य सभी कार्यक्रमों को छोड़कर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया है, क्योंकि यह केवल राजनीतिक विषय नहीं बल्कि लोकतंत्र की रक्षा का प्रश्न है। उन्होंने सभी बीएलओ, डीएलओ, वार्ड सदस्यों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे।
डॉ. अंसारी ने आगे कहा, जिस बूथ पर कांग्रेस मजबूत होगी, उसी बूथ से लोकतंत्र मजबूत होगा। बीएलए-2 कार्यकर्ता केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि संगठन की रीढ़ हैं।" उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जामताड़ा का प्रत्येक बूथ कांग्रेस का सबसे मजबूत बूथ बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में जामताड़ा जिला ट्रेनर जलालुद्दीन अंसारी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची पुनरीक्षण, मतदाता सत्यापन, संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में जीत का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है और मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की पहचान है।
प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम कटने से बचाने, गलत प्रविष्टियों को सुधारने तथा एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरतने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाकर उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित