मोहाली , जुलाई 31 -- पंजाब कांग्रेस ने शनिवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल की अगुवाईमें 'हर बूथ, कांग्रेस मजबूत' अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ फतेहगढ़ साहिब से किया गया, जबकि इसके तहत मोहाली में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गयी। कांग्रेस ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रदेश के 18 जिलों में आयोजित किये जाएंगे और आने वाले दिनों में इसे विधानसभा व बूथ स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।
श्री बघेल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इसके तहत ब्लॉक स्तर से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ता इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी से समय लेकर पंजाब में बड़ी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।
श्री बघेल ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है और केंद्र एवं राज्य सरकारों से आम जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा परिस्थितियों में कांग्रेस ही जनता के सामने एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब चुनावों में माइक्रो मैनेजमेंट का दौर है और कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकरलोगों से संपर्क करना होगा। उन्होंने कहा कि पहले की चुनावी रणनीतियां अब प्रभावी नहीं रहीं।
श्री बघेल ने कहा कि इस बार पंजाब का चुनाव बहुकोणीय होगा, क्योंकि पहले अकाली दल और भाजपा साथ चुनाव लड़ते थे, लेकिन अब भाजपा अलग चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि अपने पिछले दौरे के दौरान उन्होंने पंजाब कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर उनकी राय हाईकमान तक पहुंचाई, जिसके बाद पार्टी नेतृत्व ने संगठन को चुनावी तैयारियां तेज करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित