बठिंडा , अगस्त 03 -- पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने सोमवार को बठिंडा में आयोजित 'हर बूथ, कांग्रेस मजबूत' कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी के भीतर मौजूद 'गद्दारों' और 'स्लीपर सेल' से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसे लोग पार्टी को बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव केवल उम्मीदवार नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस संगठन लड़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को कांग्रेस ने 'संगत सिरजन साल' के रूप में मनाने का फैसला किया है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके। उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की नियुक्ति भी जमीनी कार्यकर्ताओं से राय लेकर की गयी है।

पूर्व छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। उन्होंने कहा कि राज्य में गैंगस्टरों का बोलबाला है, लोग दिनदहाड़े मारे जा रहे हैं और रेत और भूमि माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को बर्बाद और लूटने का काम किया है।

श्री बघेल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह देश की संपत्ति कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को सौंपना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार की स्थिति इतनी गंभीर है कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिये गये चढ़ावे तक में अनियमितताएं हुईं।

इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि राज्य में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और अगला विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चयन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी नेता राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे।

राजा वड़िंग ने कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में लगे नारों का स्वागत करते हुए कहा कि श्री चन्नी कांग्रेस के वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं। उन्होंने कहा कि श्री चन्नी पार्टी की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हैं, जो संगठन में बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया भी मुख्यमंत्री बनने से पहले अपनी-अपनी राज्यों की चुनाव अभियान समितियों के अध्यक्ष रह चुके हैं।

कार्यक्रम में कांग्रेस सचिव रविंदर दलावी ने भी संबोधित किया। नेताओं ने बठिंडा शहरी और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजन गर्ग और प्रीतम सिंह कोटभाई को कार्यक्रम के सफल आयोजन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी के लिए बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित