अलवर , सितम्बर 05 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में शनिवार को हुई बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी।
बारिश के बाद अलवर-भिवाड़ी बाईपास, भगत सिंह कॉलोनी, भिवाड़ी मोड़ सहित आसपास के इलाकों में सड़कों पर इतना पानी भर गया कि सड़कें कहीं तालाब तो कहीं टापू में तब्दील नजर आयीं। चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई दिया और लोगों को अपने रोजमर्रा के कामकाज के लिए भी भारी परेशानी उठानी पड़ी। जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों की मुश्किल और बढ़ गयी। कई छोटी गाड़ियां पानी में फंसकर खराब हो गयीं।
बारिश का पानी सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शॉपिंग मॉल, दुकानों, बैंकों और बीड़ा कार्यालय के सामने भी जलभराव हो गया। कई जगह घरों के बाहर तक पानी इकट्ठा हो गया, जिससे लोगों के लिए बाजार और मुख्य मार्गों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। वाहन चालकों को पानी के बीच से निकलना पड़ा, जबकि पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालात देखकर ऐसा लगा मानो बारिश ने भिवाड़ी की सड़कों को सड़क नहीं बल्कि जलाशय में बदल दिया हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि भिवाड़ी में यह कोई पहली बारिश नहीं है। हर बरसात में शहर का यही हाल होता है और हल्की बारिश में भी जलभराव की समस्या सामने आ जाती है। भिवाड़ी की जल निकासी की समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया। जलभराव और पानी की निकासी को लेकर यहां आंदोलन तक हो चुके हैं। हरियाणा की ओर पानी की निकासी को लेकर भी कई बार विवाद की स्थिति बनी है और इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और हरियाणा के केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के बीच कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थिति यह है कि बारिश का पानी तो दूर, फैक्ट्रियों से निकलने वाला पानी भी कई हिस्सों में एकत्रित होता रहता है और बिना बारिश के भी कुछ जगहों पर तरणताल जैसे हालात बने रहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित