पटना, फरवरी 24 -- िहार के सुदूर गाँवों और टोलों की तस्वीर बदलने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनावार विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली है। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने और हर गाँव को उन्नत कोटि की बारहमासी सड़कों से जोड़ने की दिशा में विभाग कार्यरत है।

विभाग का संकल्प है कि राज्य का कोई भी हिस्सा पक्की और बारहमासी सड़क सम्पर्कता से अछूता न रहे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिल सके।

इस दिशा में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष) के तहत राज्य के सभी जिलों में 100 या उससे अधिक आबादी वाली छूटे हुए बसावटों को बारहमासी सड़क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत 13,814 असंपर्कित बसावटों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 16,652 किलोमीटर ग्रामीण पथों का निर्माण किया जाना है। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभाग ने इस योजना के अंतर्गत 4,500 बसावटों (4,500 किलोमीटर) के लिए पथों की स्वीकृति प्रदान करने तथा 3,000 किलोमीटर लंबाई के ग्रामीण पथों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इसके साथ ही ग्रामीण टोला संपर्क निश्चय योजना के तहत 100 से 249 तक की आबादी वाले 4,643 अनजुड़े सर्वेक्षित टोलों को एकल सड़क संपर्कता प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके शेष बचे हुए पथों का निर्माण कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 में शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाएगा। वहीं, केंद्र प्रायोजित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भी तेज गति से काम करने की तैयारी है, जिसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 300 किलोमीटर लंबे ग्रामीण सड़कों और 300 पुलों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।

नई सड़कों के निर्माण के साथ-साथ पुरानी सड़कों के बेहतर प्रबंधन पर भी विभाग का विशेष ध्यान है। इस दिशा में ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत स्वीकृत सभी पथों के शुरुआती सुधार, का कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

गौरतलब है कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत अबतक कुल 18,166 ग्रामीण सड़कों (30,966 किलोमीटर) की स्वीकृति प्रदान की गयी है। जिनमें से अब तक कुल स्वीकृत पथों में से 470 पथों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा 9,176 किलोमीटर Surface का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।

विभिन्न योजनाओं के इन सभी निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर हासिल करने और बिहार के हर गाँव तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में ग्रामीण कार्य विभाग तत्परता के साथ कार्यरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित