नागौर , जून 28 -- राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा है कि "पोलियो मुक्त भारत हमारी बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

श्री खींवसर रविवार को अभियान की शुरुआत नागौर जिले के खींवसर के पुराना पंचायत भवन से बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर की। इस अवसर पर विधायक रेवंत राम डांगा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

श्री खींवसर ने अभिभावकों से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही अभियान शत-प्रतिशत सफल होगा। वहीं इस अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ राजकीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर, ताऊसर में जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

डॉ. सैनी ने बताया कि जिले में पांच वर्ष आयु वर्ग के 2 लाख 38 हजार 941 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 1,629 पोलियो बूथ, 69 ट्रांजिट टीम, 158 मोबाइल टीम, 7,883 टीकाकर्मी तथा 256 सुपरवाइजर लगाए गए हैं।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश वर्मा ने बताया कि अभियान के लिए करीब 3.50 लाख वैक्सीन डोज, 17,500 वायल एवं 111 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलायेगी ताकि जिले का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित