कोटा , अप्रैल 13 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि अगले तीन महीनों में घर-घर सर्वे कर यह सुनिश्चित किया जाए कि पेंशन, खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास सहित सभी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

श्री बिरला सोमवार को कोटा में जिला परिषद सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि आकांक्षी पंचायतों के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर उन्हें अग्रणी पंचायतों के समकक्ष लाया जाए।

उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए और इसके लिए प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर जानकारी एकत्र की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान ऐसे लोगों की भी पहचान की जाए जो पात्र होने के बावजूद योजनाओं की जानकारी के अभाव में वंचित रह गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्मी को देखते हुए समर कंटिंजेंसी प्लान के तहत हर गांव में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और कहीं भी पानी की समस्या नहीं आने दी जाए।

उन्होंने गेंहू खरीद को लेकर भी निर्देश दिए कि हर किसान की उपज का अधिकतम तौल सुनिश्चित किया जाए। मंडियों में आ रही समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए और लंबी कतारों से बचने के लिए एफसीआई तथा वेयरहाउस में समय पर माल की एंट्री सुनिश्चित की जाए।

श्री बिरला ने आगामी मानसून को देखते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित