नयी दिल्ली , अप्रैल 15 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी के किसी भी नेता की आर्थिक जांच हो या उनके खिलाफ कोई जांच एजेंसी नोटिस जारी करे, तो तुरंत टीम अरविंद केजरीवाल उसे उस राज्य के आगामी चुनाव से जोड़ देती है।
श्री सचदेवा ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब की जनता विगत लगभग चार साल से राज्य में चल रहे लूट और उगाही के कारण आप सरकार से त्रस्त है और निस्संदेह 2027 के चुनाव में करारा जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद कभी आयकर विभाग में काम कर चुके हैं, वह खुद बतायें कि क्या प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसे विभाग की छापेमारी किसी पूर्व जांच के बिना हो सकती है? श्री केजरीवाल भलीभांति जानते हैं "आप" नेता बड़े व्यपारी हैं और ऐसे लोगों पर आर्थिक छापे सामान्य बात होती है, लेकिन टीम केजरीवाल जानबूझकर इसे राजनीतिक रंग दे रही है।
वहीं, दिल्ली भाजपा प्रवक्ता श्री प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि ईडी की छापेमारी पंजाब के धन कुबेर उधोगपति अशोक मित्तल के यहां हुईहै, लेकिन जिस तरह से श्री केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, श्री मनीष सिसोदिया, श्री सौरभ भारद्वाज और सुश्री आतिशी बौखला रहे हैं, उससे लगता है वहां से मिलने वाले हिसाब किताब का रिश्ता पूरी आम आदमी पार्टी से हो सकता है। उन्होंने कहा कि केवल पंजाब की नहीं, दिल्ली, गुजरात और गोवा जहां- जहां "आप" का राजनीतिक प्रचार का खेल चलता है, वहां की जनता समझती है क् प्रचार पैसा पंजाब से आता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित