जयपुर , अगस्त 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार ने कहा है कि 'हर घर तिरंगा अभियान' केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने वाला जनांदोलन है।

श्री कुमार गुरुवार को यहां जयपुर शहर की संगठनात्मक बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करे तथा मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर तिरंगा यात्राओं, जनसंपर्क अभियानों एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता हैं और प्रत्येक दायित्वधारी को अपने क्षेत्र की संगठनात्मक संरचना की संपूर्ण जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बैठक में विधानसभा एवं मंडलवार अभियान के क्रियान्वयन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गयी। अभियान से संबंधित संयोजकों एवं सह-संयोजकों को अपने-अपने क्षेत्रों में समयबद्ध तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश भी दिये गये।

प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने कहा कि नौ अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना जागृत करने का माध्यम है।

संगठनात्मक सत्र को संबोधित करते हुए जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि भाजपा की मूल विचारधारा "राष्ट्र प्रथम" तथा "व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण" है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित