ग्रेटर नोएडा , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला पुलिस की "हर घर तिरंगा अभियान-2026" के तहत भव्य "तिरंगा बाइक रैली" का आयोजन किया गया। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर नागरिकों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
पुलिस ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि रैली का शुभारंभ अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन्स, सूरजपुर से किया। इसके बाद तिरंगा बाइक रैली सूरजपुर से रवाना होकर सूरजपुर घंटा चौक, एलजी चौक होते हुए परी चौक पहुंची। परी चौक से रैली वापस रिजर्व पुलिस लाइन्स, सूरजपुर पहुंची, जहां इसका सफलतापूर्वक समापन हुआ।
रैली में जिले के विभिन्न थानों से पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 90 दो-पहिया वाहनों पर 180 पुलिसकर्मी सवार रहे, जिनमें 90 महिला और 90 पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे। सभी पुलिसकर्मियों ने तिरंगा लहराते हुए नागरिकों से अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा "हर घर तिरंगा" अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
तिरंगा बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन में "हर घर तिरंगा" अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना और नागरिकों के मन में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और सुदृढ़ करना रहा। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और हाथों में लहराते तिरंगे ने क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बनाया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। "हर घर तिरंगा" अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और जिम्मेदारी को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। इसी उद्देश्य से पुलिसकर्मियों ने लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस बल जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। पुलिस द्वारा नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स श्री आर.के. गौतम, एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा श्री राजीव कुमार गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने रैली में शामिल पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया और "हर घर तिरंगा अभियान-2026" को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
तिरंगा बाइक रैली के माध्यम से गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को प्रदर्शित करें तथा "हर घर तिरंगा" अभियान को जनआंदोलन बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित