वाराणसी , अगस्त 12 -- स्वतंत्रता दिवस से पहले 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत बुधवार को वाराणसी के लहुराबीर स्थित क्वीन्स इंटर कॉलेज से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

प्रधानमंत्री के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य तिरंगे को हर घर तक पहुंचाना तथा देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था। यात्रा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। स्कूली बच्चों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, शहीद भगत सिंह और रानी लक्ष्मीबाई सहित अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का वेश धारण कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

तिरंगा यात्रा की विशेषता यह रही कि इसमें हिंदू, मुस्लिम सहित सभी धर्मों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए कठिन यातनाएं सहीं और अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

यात्रा के माध्यम से नई पीढ़ी को यह संदेश दिया गया कि देश की स्वतंत्रता असंख्य बलिदानों का परिणाम है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वतंत्रता के महत्व को समझे तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित