देवरिया , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस विभाग ने बाइक रैली निकालकर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह से पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। रैली में पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर पुलिसकर्मियों ने लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा तिरंगे के सम्मान को बनाए रखने की अपील की।
बाइक रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन तिराहा, रुद्रपुर मोड़ तिराहा, रोडवेज बस स्टैंड, सुभाष चौक, पूरवा तिराहा, सोमनाथ मंदिर मार्ग और मालवीय रोड होते हुए पुनः सुभाष चौक एवं रोडवेज बस स्टैंड से गुजरकर पुलिस लाइन में संपन्न हुई। इस दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। तिरंगे से सुसज्जित बाइकों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया गया।
यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रैली मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित