पटना , मई 26 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति की समय-सीमा को सुबह और शाम एक-एक घंटा बढ़ाया जाए,जिससे सभी नागरिकों को निरंतर जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' सभागार में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग के कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं भावी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि हर घर नल का जल योजना के माध्यम से लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसे और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति की समय-सीमा को सुबह और शाम एक-एक घंटा बढ़ाया जाए, जिससे सभी नागरिकों को निरंतर जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
श्री चौधरी ने पेयजल गुणवत्ता की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक दो-तीन माह पर पंचायतवार जांच कराई जाए तथा वार्ड स्तर पर भी निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एआई तकनीक का उपयोग करने के भी निर्देश दिए ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित