चंडीगढ़ , मई 26 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिवहन विभाग को निर्देश दिये हैं कि प्रदेश के हर गांव और शहर को बस सेवा से जोड़ा जाये, ताकि निजी वाहनों के उपयोग में कमी लायी जा सके।

हरियाणा विजन-2047 के तहत आयोजित समीक्षा बैठक में मंगलवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों के अनुसार नया रूट प्लान तैयार किया जाये। उन्होंने कहा कि गांवों को आपस में बस नेटवर्क से जोड़ा जाये और जरूरत पड़ने पर पुरानी नीतियों में संशोधन भी किया जाये।

श्री सैनी ने शहरों में लोकल बस सेवाएं बढ़ाने, औद्योगिक क्षेत्रों के लिए विशेष बसें चलाने और मेट्रो स्टेशनों तक मिनी बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी बसों में रेलवे की तर्ज पर रियल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम, सीसीटीवी और पैनिक बटन लगाये जायें, ताकि यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

बैठक में अगले एक वर्ष में 10 नये इलेक्ट्रिक बस स्टैंड बनाने, अधिक इलेक्ट्रिक बसें खरीदने और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 20 लाख लोगों को हैप्पी कार्ड दिये जा चुके हैं और जल्द ही 20 लाख नये कार्ड वितरित किये जाएंगे।

उन्होंने बिना पीयूसी प्रमाणपत्र वाले वाहनों पर सख्ती करने, नंबर प्लेट रीडिंग कैमरे लगाने और यूनिफाइड कमांड कंट्रोल सेंटर स्थापित कर बसों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित