उज्जैन , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले की बिरलाग्राम थाना पुलिस ने नागदा कस्बे के ग्राम झिरनिया में कुछ दिन पूर्व हुई हर्ष फायरिंग की घटना में शामिल नकाबपोश आरोपी की पहचान कर उसे रतलाम से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर और 315 बोर की बंदूकें भी जब्त की हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम और अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिरलाग्राम थाना पुलिस ने ग्राम झिरनिया में हुई हर्ष फायरिंग की घटना की जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए घटना में शामिल नकाबपोश आरोपी की पहचान 40 वर्षीय रतलाम निवासी इरफान के रूप में की।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे रतलाम स्थित सालाखेड़ी चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 12 बोर और 315 बोर की बंदूकें जब्त की गई हैं। पुलिस द्वारा प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित