नयी दिल्ली , अक्टूबर 20 -- बुराई पर अच्छाई का प्रतीक दशहरा पर्व मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और जगह-जगह रावण के पुतले दहन किये गये। इस अवसर पर राष्ट्रति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के अन्य प्रतिष्ठित लोगों ने देशवासियों को पर्व की बधाई दी और देशवासियों के सुख सौभाग्य की कामना की।
आश्विन के शुक्ल पक्ष में दशमी को प्रत्येक वर्ष दशहरा मनाया जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार आज के ही दिन भगवान राम ने रावण का वध किया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दशहरा पर देशवासियों को दिए अपने संदेश में कहा है, "विजयादशमी के शुभ अवसर पर, देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं।" उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की रावण पर विजय के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले इस पर्व का विशेष महत्व है। प्रभु श्रीराम को धर्म और नैतिक आचरण का साक्षात स्वरूप माना गया है। यह त्योहार अधर्म और अन्याय पर धर्म और न्याय की विजय का उत्सव है। भारतीय संस्कृति, नैतिकता और कर्तव्य के आदर्शों पर आधारित है। प्रभु श्रीराम की विजय के इस त्योहार के दिन, सभी देशवासी यह संकल्प लें कि अपनी विरासत के उच्च आदर्शों पर चलते हुए विकसित भारत एवं समावेशी समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दशहरा पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आप सभी को विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं। उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है।"केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लुधियाना, पंजाब में विजयादशमी उत्सव में भाग लिया और 'चिट्टे के प्रतीकात्मक रावण' का दहन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विजयादशमी का दिन हर व्यक्ति को अपने अंदर के अहंकार, मद, लोभ और अन्य बुराईयों को समाप्त करने का दिन है। आज ही के दिन हजारों साल पहले प्रभु श्री राम ने रावण पर विजय प्राप्त की थी और तब से पूरी दुनिया बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में प्रभु श्री राम की विजय को मनाती है।
कांग्रेस अध्यक्ष तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विजयदशमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। श्री खरगे ने अपने संदेश में कहा कि विजयदशमी का पर्व सत्य की असत्य पर, न्याय की अन्याय पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। यह पर्व लोगों को अहंकार, द्वेष और भेदभाव से ऊपर उठने की प्रेरणा देता है। श्रीमती वाड्रा ने कहा कि न्याय, सत्य और धर्म की विजय तथा अन्याय, असत्य और अधर्म की पराजय के प्रतीक पर्व विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने भगवान राम से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करने की प्रार्थना की।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में संघ के विजयदशमी उत्सव-2026 को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में समस्याएं हैं, व्यवस्था में कमी भी हो सकती है और उसके खिलाफ आंदोलन भी हो सकते हैं, पर आंदोलन विद्वेष पैदा करने के लिए नहीं बल्कि कानून की मर्यादाओं में तथा समस्याओं के समाधान के लिए होने चाहिए ।
तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राज्य के लोगों को विजयादशमी की बधाई दी और उनके सुख-समृद्धि की कामना की।
गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विशेष पारंपरिक गोरखनाथ मंदिर में विजयादशमी के पावन पर्व पर शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ जी का विशिष्ट पूजन-अनुष्ठान किया। विशेष पारंपरिक परिधान में योगी ने गोरक्षपीठ की परंपरा का अनुसरण करते हुए मंगलवार सुबह विधि-विधान से महायोगी गोरखनाथ जी की पूजा-आराधना कर चराचर जगत के कल्याण की प्रार्थना की।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हमें आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार और नशे जैसी बुराइयों को समाप्त कर एक सशक्त, समृद्ध एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विजयादशमी समारोह में लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन केवल भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का उत्सव नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, न्याय और सदाचार की बुराई, अधर्म, अन्याय और अहंकार पर विजय का प्रतीक है। श्रीमती गुप्ता ने समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने तथा देशद्रोहियों को सबक सिखाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित