मुंबई , अक्टूबर 23 -- ़ी स्टूडियोज़ ने हर्षवर्धन राणे और सादिया खतीब अभिनीत फिल्म 'सिला' का पहला पोस्टर जारी कर दिया है। ओमंग कुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म प्यार, रहस्य, रोमांच और एक्शन से भरपूर होगी। कश्मीर और वियतनाम की खूबसूरत वादियों में फिल्माई गई 'सिला' में हर्षवर्धन राणे विराट के किरदार में नजर आएंगे, जिसकी जिंदगी प्यार और अप्रत्याशित परिस्थितियों के बीच उलझ जाती है। अपने प्यार को पाने की कोशिश में उसे न केवल खतरों का सामना करना पड़ता है, बल्कि खुद को बचाने की चुनौती से भी जूझना पड़ता है। फिल्म में जुनूनी रोमांस, रहस्य और हाई-ऑक्टेन एक्शन का संगम देखने को मिलेगा।

अपने किरदार के बारे में हर्षवर्धन राणे ने कहा कि 'सिला' उनके लिए अब तक के सबसे चुनौतीपूर्ण और रोमांचक अनुभवों में से एक रही है। विराट का किरदार कई परतों वाला है, जिसके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलू कहानी के आगे बढ़ने के साथ सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के एक्शन, लोकेशन और भावनात्मक गहराई के लिए उन्हें शारीरिक और मानसिक स्तर पर काफी मेहनत करनी पड़ी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को बड़े पर्दे पर उनका नया अंदाज पसंद आएगा।

निर्देशक ओमंग कुमार ने कहा कि 'सिला' के जरिए ऐसी फिल्म बनाने की कोशिश की गई है, जिसमें रोमांस, एक्शन, रहस्य और रोमांच के साथ हर मोड़ पर कुछ नया देखने को मिले। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी प्यार और उस सीमा को तलाशती है, जहां इंसान को अपने विश्वास और मान्यताओं की परीक्षा देनी पड़ती है। फिल्म के भव्य दृश्यात्मक संसार के साथ भावनात्मक पहलुओं को भी प्रमुखता दी गई है।

ज़ी स्टूडियोज़ प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण ओमंग कुमार, हिमांशु तिवारी, अजय सिंह, धनंजय सिंह और वनिता गरुड़ कुमार ने किया है, जबकि हेमंत तिवारी सह निर्माता हैं। ब्लू लोटस पिक्चर्स और स्टार्क एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति 'सिला' पांच फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित