जयपुर , अगस्त 06 -- राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरिशंकर भाभड़ा को उनकी जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गयी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि श्री भाभड़ा ने अपने सार्वजनिक जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं एवं जनसेवा के उच्च आदर्शों का अनुकरणीय निर्वहन किया। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल 16 मार्च 1990 से 21 दिसम्बर 1993 तथा 30 दिसम्बर 1993 से पांच अक्टूबर 1994 के दौरान उन्होंने सदन की गरिमा, निष्पक्षता एवं संसदीय मर्यादाओं को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका व्यक्तित्व जनप्रतिनिधियों एवं लोकसेवकों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, विधायक ताराचंद जैन, मनोज न्यांगली, गीता बरवड़ और राजस्थान विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा ने श्री भाभड़ा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित