चंडीगढ़ , मार्च 05 -- हरियाणा से राज्य सभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गयी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल कर मुकाबले को रोचक बना दिया है।

भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया ने गुरुवार को राज्य सभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उनके साथ मौजूद रहे। कांग्रेस ने इस चुनाव के लिए कर्मवीर सिंह बौद्ध को अपना प्रत्याशी बनाया है। यह उनका पहला चुनाव होगा। भाजपा उम्मीदवार के नामांकन के बाद कर्मवीर सिंह बौद्ध भी विधानसभा भवन पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा सहित कांग्रेस के 34 विधायक उनके साथ मौजूद रहे।

नामांकन से पहले श्री बौद्ध ने कांग्रेस कार्यालय में भी नामांकन पत्र भरा। बताया जा रहा है कि हरियाणा के एक भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उन्हें पार्टी हाईकमान तक पहुंचाने में भूमिका निभाई। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा से राज्यसभा के लिए उनके नाम का प्रस्ताव रखा। नामांकन के बाद श्री बौद्ध ने कांग्रेस हाईकमान का आभार व्यक्त किया। इसी बीच रोहतक के बोहर गांव निवासी सतीश नांदल ने भी तीसरे उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल कर चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है। सतीश नांदल दोपहर बाद करीब दो बजे निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल, देवेंदर कादयान और राजेश जून के साथ विधानसभा पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले मीडिया से बातचीत में सतीश नांदलने कहा कि उनके साथी विधायकों की सोच थी कि चुनाव में एक निर्दलीय उम्मीदवार भी होना चाहिए, इसी कारण उन्होंने निर्दलीय नामांकन दाखिल करनेका फैसला लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित