चंडीगढ़ , जुलाई 14 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि मौजूदा समय में तेल और कोयले जैसे पारंपरिक ऊर्जा स्रोत धीरे-धीरे समाप्त हो रहे हैं। ऐसे में देश के लिए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की ओर बढ़ना समय की आवश्यकता है। इसी सोच के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और हाइड्रोजन ऊर्जा को लगातार प्रोत्साहित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत नयी तकनीकों को अपनाते हुए विकास के नये आयाम स्थापित कर रहा है। हाइड्रोजन जैसी स्वच्छ ऊर्जा भविष्य की जरूरत है, जिससे प्रदूषण कम होगा और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

श्री विज ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। यह देश के ऊर्जा और परिवहन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

श्री विज ने कहा कि बदलते वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य को देखते हुए स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाना आवश्यक है। केंद्र सरकार इसी दिशा में लगातार कार्य कर रही है, ताकि देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों के माध्यम से पूरा किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित