सिरसा , अक्टूबर 16 -- हरियाणा सरकार ने परमल धान की खरीद पर लगी 24 क्विंटल की सीमा हटा दी है। अब किसानों की पूरी फसल खरीदी जाएगी।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को सिरसा, डबवाली, कालांवाली और रानियां की अनाज मंडियों का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि औसत उपज से अधिक धान होने पर किसान को अनाज मंडी सचिव के पास इसका विवरण देना होगा। इसके बाद संबंधित एसडीएम, डीडीए और पटवारी सत्यापन करेंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 48 घंटे के भीतर जे-फॉर्म काटकर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।

कृषि मंत्री ने भूजल संरक्षण पर जोर देते हुए किसानों से धान की बजाय नरमा, कपास और दालों जैसी फसलें अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि फसल विविधीकरण के लिए सरकार 10 हजार रुपये प्रति एकड़ अनुदान दे रही है।

उन्होंने कहा कि 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की खरीद निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही है। अधिकारियों को फसल का समय पर उठान, पर्याप्त बारदाना, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों की शिकायतों का तत्काल समाधान करने को कहा।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह, गौसेवा आयोग के चेयरमैन रामचंद्र कंबोज, आढ़तियान एसोसिएशन के प्रधान प्रेम बजाज और मार्केट कमेटी चेयरमैन इंद्रपाल जांगड़ा मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित