चंडीगढ़ , अक्टूबर 16 -- हरियाणा सरकार ने वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीतियों और अन्य समान नीतियों के तहत नियमित किए गए कर्मचारियों का विवरण मांगा है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी संबंधित विभागों, कार्यालयों और संगठनों को निर्धारित प्रारूप में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किये हैं।

निर्देशों के अनुसार, 16 जून, 18 जून और सात जुलाई 2014 को जारी नियमितीकरण नीतियों तथा समय-समय पर किए गए संशोधनों के तहत नियमित किए गए ग्रुप-बी, ग्रुप-सी और ग्रुप-डी कर्मचारियों की संख्या का विवरण जुटाया जाएगा।

सभी संबंधित विभागों और कार्यालयों को पत्र जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर निर्धारित प्रारूप में जानकारी ई-मेल के माध्यम से भेजनी होगी। इस विवरण का उपयोग मानव संसाधन विभाग द्वारा आंकड़ों का संकलन करने और आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए किया जाएगा।

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि भेजी जाने वाली जानकारी का उचित सत्यापन किया जाए और उसकी शुद्धता सुनिश्चित की जाए। संबंधित प्रशासनिक विभागों और विभागाध्यक्षों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित