चंडीगढ़ , मई 07 -- हरियाणा सरकार प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने नूंह जिले के गांव खोरीकलां और महेंद्रगढ़ जिले के गांव खातोदड़ा में नये स्वास्थ्य केंद्र खोलने को सैद्धांतिक मंजूरी दी है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि खोरीकलां में उप-स्वास्थ्य केंद्र (सब हेल्थ सेंटर) और खातोदड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्थापित किया जाएगा। इन केंद्रों के शुरू होने से आसपास के हजारों ग्रामीणों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को उसके नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर शहरों का रुख न करना पड़े। नये स्वास्थ्य केंद्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, सामान्य बीमारियों का उपचार, प्राथमिक जांच और आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध होगी। सुश्री राव ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए लगातार नये अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और चिकित्सा सुविधाएं विकसित कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है, जिससे आम जनता को बेहतर इलाज का लाभ मिल सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन नये स्वास्थ्य केंद्रों के शुरू होने से नूंह और महेंद्रगढ़ के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों को राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित