चंडीगढ़ , अक्टूबर 04 -- हरियाणा सरकार गुरुग्राम में करीब 25 एकड़ क्षेत्र में विश्व स्तरीय सम्मेलन केंद्र विकसित करेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर यात्रा के दौरान सनटेक सिटी का दौरा कर वहां विकसित सम्मेलन केंद्र की सुविधाओं, निर्माण तकनीक, आधुनिक इंजीनियरिंग और संचालन प्रणालियों का अध्ययन किया।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में प्रस्तावित सम्मेलन केंद्र अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक इंजीनियरिंग से सुसज्जित होगा। यहां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, व्यावसायिक बैठकों, प्रदर्शनियों और वैश्विक स्तर के अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। इससे गुरुग्राम की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होने के साथ प्रदेश में निवेश और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर के सनटेक सिटी में उपलब्ध सुविधाओं का अध्ययन परियोजना के लिए अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं को समझने में महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने मानेसर की विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित करने के साथ विशाल और आकर्षक पार्क का निर्माण किया जाएगा। इससे लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं और हरित वातावरण मिलेगा।
श्री सैनी ने सिंगापुर के ''गार्डन्स बाय द बे'' में पर्यावरण संरक्षण, वनस्पति प्रजातियों के संरक्षण और उन्नत जल प्रबंधन तकनीकों का भी जायजा लिया। उन्होंने जल आपूर्ति और संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान भारतीय पर्यटकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर तस्वीरें और सेल्फी भी लीं।
यात्रा के दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक यश गर्ग, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक आदित्य दहिया और एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक विनय प्रताप सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित