चंडीगढ़ , अगस्त 04 -- हरियाणा सरकार अंबाला छावनी के गांव शाहपुर में 13 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईडीटीआर) स्थापित करेगी। इस संबंध में परिवहन विभाग और अशोक लेलैंड लिमिटेड के बीच मंगलवार को समझौता हुआ।

परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह संस्थान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, कुशल चालकों की उपलब्धता बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

संस्थान में हल्के और भारी मोटर वाहन चालकों के लिए फ्रेशर एवं रिफ्रेशर प्रशिक्षण लाइसेंस नवीनीकरण, ओरिएंटेशन कार्यक्रम तथा खतरनाक पदार्थ और मालवाहक वाहनों के चालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। यहां आधुनिक ड्राइविंग सिम्युलेटर, डिजिटल कक्षाएं, लाइव इंजन डेमो, मेडिकल रूम, पुस्तकालय, छात्रावास, कैंटीन और योग कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही 8-बेंड, एस-बेंड, हेयरपिन बेंड, रिवर्स पार्किंग और अन्य आधुनिक प्रशिक्षण ट्रैक विकसित किए जाएंगे।

श्री विज ने बताया कि संस्थान में हर वर्ष लगभग 2,000 नए चालकों को प्रशिक्षण और 20,000 चालकों को रिफ्रेशर ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे अंबाला के अलावा पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, जींद सहित आसपास के जिलों के युवाओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आईडीटीआर आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और परिवहन क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार चालक तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित