चंडीगढ़ , मार्च 16 -- हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सोमवार को सदन में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई। शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण की माता प्रेम कौर कल्याण के निधन तथा गुरुग्राम में एक निर्माण स्थल पर हुई दुर्घटना में सात लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेम कौर कल्याण का 13 मार्च को हुआ निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।
उन्होंने नौ मार्च को गुरुग्राम में निर्माण स्थल पर खुदाई के दौरान मिट्टी का ढेर गिरने से दबकर सात लोगों की हुई मौत को बेहद दर्दनाक बताया। साथ ही जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में हुई दुर्घटना में श्रमिकों की मृत्यु पर भी शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
विधानसभा के उपसभापति डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने भी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने भी अपनी पार्टी की ओर से शोक व्यक्त किया। इसके बाद सदन के सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित