चंडीगढ़ , अगस्त 27 -- हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन ने पूर्व विधायकों, शहीद सैनिकों, हादसों में जान गंवाने वाले नागरिकों और अन्य दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा, विधायक आदित्य देवीलाल सहित सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं के प्रति शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने नेपाल में बुधवार को आई बाढ़ में हुई मौतों पर भी शोक व्यक्त किया। सदन ने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह अपूरणीय क्षति सहन करने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
सदन ने संयुक्त पंजाब विधानसभा के पूर्व सदस्य चौधरी साही राम बिश्नोई के निधन पर शोक जताया। उनका 22 मई को निधन हुआ था। वह 1960 में संयुक्त पंजाब विधानसभा के सदस्य चुने गए थे और समाजसेवा के लिए समर्पित रहे।
हरियाणा विधानसभा के पूर्व सदस्य राजपाल भुखरी के निधन पर भी सदस्यों ने संवेदना व्यक्त की। उनका 20 जुलाई 2026 को निधन हुआ था। वह 2009 में विधानसभा के सदस्य चुने गए थे और गरीब व कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए कार्य करते रहे।
विधानसभा ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हरियाणा के वीर सैनिकों को भी नमन किया। इनमें डिप्टी कमांडेंट मनोहर सिंह फोगाट, लेफ्टिनेंट निशांत, नायब सूबेदार वीरेंद्र सिंह, उप-निरीक्षक कृष्ण कुमार बुम्बक, एएसआई पवन कुमार, एएसआई विनोद कुमार, एएसआई जय प्रकाश, एएसआई दयाकिशन सहित विभिन्न सैन्य एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे। सदन ने अग्निवीर ध्रुव और अग्निवीर शंकर के बलिदान को भी श्रद्धांजलि दी।
विधानसभा ने नौ जून को रोहतक के डी पार्क मार्केट में जूतों की दुकानों में लगी आग में तीन लोगों की मौत तथा 19 जुलाई को झज्जर के मुनीमपुर गांव में कुएं में जहरीली गैस से चार लोगों की मौत पर भी शोक जताया।
इसके अलावा विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया के भाई रामशरण तेवतिया के निधन पर भी सदन ने संवेदना व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित