कोझिकोड , मार्च 29 -- केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने रविवार को एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल पर हरियाणा विधानसभा चुनाव में 'कैश-फॉर-सीट' के आरोपों को लेकर तीखा हमला बोला।
मलप्पुरम में उन्होंने कहा कि ऐसे आरोप सामने आये हैं कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी टिकट दिलाने के लिए केसी वेणुगोपाल या उनके करीबी लोगों ने बिचौलियों के जरिए करोड़ों रुपये की मांग की थी। मुख्यमंत्री विजयन ने दावा किया, "आरोपों में कांग्रेस के सर्वोच्च रैंकिंग वाले नेताओं और उनके करीबियों के नाम सामने आये हैं। सामान्य तौर पर उम्मीदवारी राजनीतिक गतिविधि के आधार पर मिलनी चाहिए, लेकिन हालात अब उस बिंदु पर पहुंच गये हैं, जहां यह सवाल उठ रहा है कि क्या अब टिकट 'खरीदो या भुगतान करो' जैसी वस्तु बन गयी है।"श्री विजयन ने कांग्रेस पर राजनीतिक दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ कांग्रेस केरल की वाममोर्चा सरकार के खिलाफ अक्सर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती है, वहीं वह अपने आंतरिक गंभीर आरोपों को सुलझाने में विफल रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि ये आरोप झूठे थे, तो कोई कानूनी कार्रवाई या आंतरिक जांच क्यों शुरू नहीं की गयी? उन्होंने सुझाव दिया कि राष्ट्रीय नेतृत्व की 'रहस्यमयी चुप्पी' उनकी राजनीति की विश्वसनीयता को खत्म करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित