चंडीगढ़ , मई 15 -- हरियाणा राज्य विज्ञान नवाचार एवं प्रौद्योगिकी परिषद ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को सम्मानित करने के लिए हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार और हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार के नामांकन आमंत्रित किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार में चयनित वैज्ञानिक को पांच लाख रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी दी जाएगी। यह पुरस्कार 40 वर्ष से अधिक आयु के उन वैज्ञानिकों के लिए है जिन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

वहीं हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार के तहत 40 वर्ष से कम आयु के युवा वैज्ञानिकों को एक लाख रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। युवा अवार्ड के लिए आयु की गणना 31 दिसंबर 2026 तक होगी।

प्रवक्ता ने कहा कि केवल वे वैज्ञानिक पात्र होंगे जिन्होंने हरियाणा में 10 वर्ष या इससे अधिक समय तक कार्य किया हो या शिक्षा प्राप्त की हो, अथवा जो हरियाणा के निवासी हों। केवल नए नामांकन ही स्वीकार होंगे। स्वयं-नामांकन मान्य नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित