चंडीगढ़ , सितंबर 17 -- हरियाणा सरकार 14 और जिलों में 5,200 युवाओं को प्रशिक्षण देकर आपदा राहत स्वयंसेवक नेटवर्क का विस्तार करेगी। प्रत्येक प्रशिक्षित स्वयंसेवक को आपातकालीन प्रतिक्रिया किट के साथ तीन वर्ष का जीवन एवं चिकित्सा बीमा कवर भी दिया जाएगा। यह निर्णय मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई राज्य कार्यकारी समिति की बैठक में लिया गया।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की युवा आपदा मित्र योजना 2025-26 में हरियाणा के आठ जिलों में लागू की गई थी। इसके तहत एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र संगठन और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स से जुड़े 5,400 युवा स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया था।
अब कार्यक्रम को शेष 14 जिलों में हरियाणा युवा आपदा मित्र योजना के रूप में विस्तार देने का प्रस्ताव है। प्रत्येक जिले की जनसंख्या और संवेदनशीलता के आधार पर 5,200 प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। स्वयंसेवकों का चयन संबंधित संगठनों के नोडल अधिकारियों के माध्यम से होगा, जबकि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण प्रशिक्षण का समन्वय करेंगे।
स्वयंसेवकों को 35 से 50 के बैच में सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें बाढ़ से बचाव एवं प्रतिक्रिया, अग्निशामक यंत्रों का उपयोग, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार और बुनियादी आपातकालीन प्रतिक्रिया का सैद्धांतिक व व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल होगा।
प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन के साथ जोड़ा जाएगा। मॉक ड्रिल और आपातकालीन अभ्यासों में उनकी तैनाती के साथ जनसभाओं में भीड़ प्रबंधन, राहत वितरण और मानवीय अभियानों में भी सहायता ली जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित