चंडीगढ़/स्टॉकहोम , अक्टूबर 16 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वीडन दौरे के दौरान राज्य सरकार और स्वीडिश कंपनियों के बीच 4,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से जुड़े आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरे का उद्देश्य हरियाणा में निवेश बढ़ाने, औद्योगिक विकास को गति देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।

दौरे के दौरान गुरुग्राम और स्टॉकहोम के बीच सिटी-टू-सिटी सहयोग समझौता हुआ। इसके तहत दोनों शहर तकनीकी नवाचार, स्मार्ट सिटी समाधान, सतत शहरी विकास, ज्ञान के आदान-प्रदान और निवेश प्रोत्साहन के क्षेत्रों में सहयोग करेंगे।

सरकारी जानकारी के अनुसार, आत्मनिर्भर भारत और सशक्त भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप 3,000 करोड़ रुपये के एलओआई पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा, रिटेल और वेयरहाउसिंग क्षेत्रों में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी है। इससे आधुनिक वेयरहाउसिंग सुविधाओं, रिटेल कारोबार और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के विस्तार की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौरा हरियाणा को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वीडन की उन्नत तकनीक और नवाचार को हरियाणा की अर्थव्यवस्था तथा कुशल युवा शक्ति के साथ जोड़कर राज्य के विकास को गति दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित