चंडीगढ़ , अक्टूबर 21 -- हरियाणा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल 2,428 खाद्य नमूने लिए गए। प्रयोगशाला जांच में इनमें से 232 प्रवर्तन नमूने और 149 सर्विलांस नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इन मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक नियामकीय और प्रवर्तन कार्रवाई की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सर्विलांस नमूनों की जांच में खामियां मिलने पर संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी रिपोर्ट की तत्काल समीक्षा करेंगे। जहां आवश्यक होगा, वहां निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत अलग से प्रवर्तन नमूना लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश में खाद्य सुरक्षा निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने, जिला प्रशासन के साथ समन्वय बढ़ाने और प्रयोगशाला रिपोर्टों की नियमित समीक्षा पर जोर दिया जा रहा है। विभाग खाद्य सुरक्षा कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू कर जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे स्वच्छता और गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करें। घटिया, मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री न करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित