चंडीगढ़ , जून 3 -- हरियाणा में करीब 24 वर्ष बाद मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके तहत बूथ स्तर के अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ऐ श्रीनिवास ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में अभियान को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य में मतदाता सूचियों की मैपिंग का कार्य अभी केवल 64.26 प्रतिशत पूरा हुआ है। फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत और पंचकूला में प्रगति 60 प्रतिशत से कम रहने पर चिंता जताई गई है।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए गणना फॉर्म हिंदी में उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें 5 जून से डाउनलोड किया जा सकेगा। जिन घरों से फॉर्म प्राप्त नहीं होंगे, वहां बीएलओ कम से कम तीन बार जाकर सत्यापन करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर पड़ोसियों से भी जानकारी जुटाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित