पंचकूला , अगस्त 14 -- हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (हलसा) ने राज्यव्यापी महावृक्षारोपण अभियान के तहत 15,17,985 पौधे लगाकर करीब 15 लाख पौधों का निर्धारित लक्ष्य पार कर लिया है। वन विभाग के सहयोग से दो महीने तक चले इस अभियान का अब समापन हो गया है।
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और हलसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति दीपक सिब्बल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में अभियान पांच जून से पांच अगस्त तक चलाया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर पांच जून को न्यायमूर्ति सिब्बल ने अभियान की शुरुआत की थी। मानसून के दौरान प्रदेशभर में करीब 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था। अभियान समाप्त होने तक लक्ष्य से 17,985 अधिक पौधे लगाए गए।
न्यायमूर्ति सिब्बल ने साफ किया कि वृक्षारोपण अभियान की सफलता का आकलन केवल लगाए गए पौधों की संख्या से नहीं किया जा सकता। पौधों का संरक्षण, नियमित देखभाल और उनका जीवित रहना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों से कहा कि वृक्षारोपण के लक्ष्य वास्तविक और हासिल किए जा सकने वाले होने चाहिए। पौधों की संख्या तय करते समय उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल के लिए उपलब्ध व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाए।
अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों ने न्यायालय परिसरों, वैकल्पिक विवाद समाधान केंद्रों, न्यायिक आवासीय परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण किया।
अभियान में स्थानीय प्रजातियों के साथ औषधीय, फलदार और छायादार पौधों को प्राथमिकता दी गई। पौधों के लंबे समय तक जीवित रहने के लिए उनकी देखभाल और सुरक्षा पर भी जोर दिया गया।
इस अभियान में न्यायिक अधिकारियों, विधिक सेवा प्राधिकरणों के कर्मचारियों, वन विभाग के अधिकारियों, स्वयंसेवकों और अन्य पक्षों ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित