चंडीगढ़ , अक्टूबर 28 -- हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने करीब 14 हजार पदों पर भर्ती के लिए सीईटी स्टेज-II परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं।
आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही लगभग आठ हजार अतिरिक्त पदों का विज्ञापन भी जारी किया जाएगा।
परीक्षा की तैयारियों के तहत हिम्मत सिंह के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में आयोग के सदस्य सुभाष चंद्र ने अपनी टीम के साथ पंचकूला जिले के कालका-पिंजौर क्षेत्र में स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
श्री हिम्मत सिंह ने कहा कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पंचकूला के अलावा अन्य जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का भी जल्द निरीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संबंधित समिति निरीक्षण के बाद अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके आधार पर परीक्षा से पहले आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। आयोग भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ा रहा है।
आयोग अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से परीक्षा की तैयारी पूरी गंभीरता और मेहनत के साथ करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को भर्ती और परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए आयोग के आधिकारिक माध्यमों पर नजर रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित