चंडीगढ़ , मई 06 -- हरियाणा के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि राज्य में 11 मई से मुंहखुर और गलघोंटू जैसी घातक बीमारियों के खिलाफ प्रदेशव्यापी टीकाकरण महाअभियान शुरू किया जाएगा।
एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य पशुओं को जानलेवा बीमारियों से बचाकर पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से सुरक्षित करना है।
मंत्री ने बताया कि विभाग की टीमें घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी, जिससे पशुपालकों को अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह सेवा पूरी तरह नि:शुल्क होगी ताकि छोटे पशुपालकों पर कोई आर्थिक बोझ न पड़े।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया के अनुसार अभियान के तहत चार महीने से अधिक आयु की सभी गायों और भैंसों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा ऐसा राज्य बन गया है, जहां मुंहखुर और गलघोंटू से बचाव के लिए एक ही संयुक्त टीके का उपयोग किया जा रहा है।
विभाग के महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने बताया कि टीकों के सुरक्षित परिवहन और भंडारण के लिए कोल्ड चेन और आइस लाइन्ड रेफ्रिजरेटर (आईएलआर) की व्यवस्था की गई है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग करते हुए अपने सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण अवश्य करवाएं।
उन्होंने बताया कि मुंहखुर रोग एक वायरस से फैलता है, जिससे पशुओं के मुंह और खुरों में छाले पड़ जाते हैं और दुग्ध उत्पादन प्रभावित होता है। वहीं गलघोंटू एक गंभीर बैक्टीरियल बीमारी है, जिसमें पशु के गले में सूजन आ जाती है और सांस लेने में कठिनाई के कारण उसकी मृत्यु तक हो सकती है।
पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी राजकीय पशु चिकित्सालय या औषधालय से संपर्क करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित