चंडीगढ़ , सितंबर 03 -- हरियाणा को ड्रोन नवाचार स्वदेशी तकनीक उन्नत विनिर्माण और युवा उद्यमिता का केंद्र बनाने के उद्देश्य से 'ड्रोनॉथॉन-हरियाणा ड्रोन इनोवेशन चैलेंज' शुरू किया गया है। यह पहल स्टार्टअप हरियाणा, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और ड्रोन टेक मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के सहयोग से शुरू की गई है।

चंडीगढ़ में आयोजित ड्रोन उद्योग की उच्चस्तरीय बैठक में इस पहल पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता उद्योग विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने की। इसमें ड्रोन निर्माता कंपनियों, तकनीकी संस्थानों, प्रशिक्षण संगठनों और इनक्यूबेटरों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

ड्रोनॉथॉन के तहत उद्योग जगत अपनी वास्तविक तकनीकी समस्याओं और जरूरतों को चुनौती के रूप में विश्वविद्यालयों के सामने रखेगा। हरियाणा के विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और छात्रों की टीमें इन समस्याओं के व्यावहारिक और व्यावसायिक समाधान तैयार करेंगी।

स्टार्टअप हरियाणा से जुड़े इनक्यूबेटर विश्वविद्यालयों तक कार्यक्रम पहुंचाने, छात्र टीमों की पहचान, मार्गदर्शन, मूल्यांकन और इनक्यूबेशन में सहयोग करेंगे। उद्योग विशेषज्ञ भी प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शन देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित