चंडीगढ़ , जुलाई 30 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वास्थ्य विभाग को मुख्यालय से लेकर उप स्वास्थ्य केंद्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं का पूर्ण डिजिटलीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन टेली कंसल्टेशन ई-उपचार ओपीडी टेली ईसीजी और हेल्थ ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं आम लोगों तक पहुंचाई जाएं, ताकि आधुनिक और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

हरियाणा विजन-2047 के तहत स्वास्थ्य विभाग की पांच वर्षीय कार्ययोजना की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बजट और घोषणाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के 22 जिला अस्पतालों में 24 टेली कंसल्टेशन केंद्र और पीजीआई चंडीगढ़ व पीजीआई रोहतक में दो सुपर स्पेशियलिटी केंद्र 2,733 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को सेवाएं दे रहे हैं। वर्ष 2021 से अब तक करीब 12 लाख टेली कंसल्टेशन किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्रों के डिजिटलीकरण पर लगभग 177 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही, नि:शुल्क डायलिसिस सुविधा का विस्तार 18 नए स्थानों तक किया जाएगा। महिलाओं में कैंसर की शीघ्र पहचान के लिए विशेष जांच शिविर लगाए जाएंगे और 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित