चंडीगढ़ , सितंबर 08 -- हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा अवसंरचना को आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ स्थित विधायक छात्रावास औषधालय तथा अंबाला शहर और करनाल के सिविल अस्पतालों में अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाने को मंजूरी दी गई है।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को बताया कि सेक्टर-3 स्थित विधायक छात्रावास के औषधालय में अल्ट्रासाउंड मशीन की खरीद और स्थापना पर करीब 81 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह औषधालय मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के मंत्रियों, विधायकों और उनके परिवारों के अलावा चंडीगढ़ में तैनात हरियाणा सरकार के हजारों कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है। नई मशीन लगने से परिसर में ही मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा मिल सकेगी।

इसके अलावा अंबाला शहर और करनाल के सिविल अस्पतालों में भी नई अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाने की मंजूरी दी गई है। इन अस्पतालों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें गर्भवती महिलाओं के साथ विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीज भी शामिल हैं। सीमित संसाधनों के कारण अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मरीजों को कई बार लंबा इंतजार करना पड़ता है।

सुश्री राव ने कहा कि दोनों अस्पतालों में मशीनें जल्द स्थापित की जाएंगी। इससे अंबाला और करनाल के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को समय पर जांच की सुविधा मिलेगी और निजी जांच केंद्रों पर होने वाला आर्थिक खर्च भी कम होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक सरकारी अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस कर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित