चंडीगढ़ , अप्रैल 01 -- हरियाणा सरकार ने किसानों की उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इस बीच हैफेड ने एक राष्ट्रीय हिंदी दैनिक में प्रकाशित खबर को गलत और भ्रामक करार दिया है, जिसमें सूरजमुखी के बीज के एमएसपी का गलत उल्लेख किया गया था।

हैफेड के प्रवक्ता के अनुसार, 19 मार्च 2026 को जारी खरीद निर्देशों में अनजाने में लिपिकीय त्रुटि के कारण सूरजमुखी का एमएसपी 6540 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज हो गया था, जबकि चालू वर्ष के लिए सही एमएसपी 7721 रुपये प्रति क्विंटल है।

उन्होंने बताया कि इस त्रुटि को सुधारते हुए 29 मार्च 2026 को संशोधित निर्देश जारी कर दिए गए थे और सभी संबंधित पक्षों को इसकी जानकारी भी दे दी गई थी। इसके बावजूद प्रकाशित समाचार में केवल पुराने निर्देशों का हवाला देकर अधूरी और भ्रामक जानकारी दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित