चंडीगढ़ , अक्टूबर 18 -- हरियाणा में फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला मैदान में 23 से 26 अक्टूबर तक तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले का आयोजन किया जाएगा।

हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस चार दिवसीय मेले में देशभर की हस्तशिल्प कला, पारंपरिक व्यंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। मेले में करीब 300 स्टॉल लगाए जाएंगे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 23 अक्टूबर को मेले का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल 26 अक्टूबर को समापन समारोह में शामिल होंगे।

मेले में देश के विभिन्न राज्यों के कारीगर अपने हस्तनिर्मित उत्पाद, हथकरघा वस्तुएं, पारंपरिक कलाकृतियां, सजावटी सामान और दिवाली से संबंधित उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। इससे कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रचार और व्यापक बाजार तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।

खानपान के शौकीनों के लिए मेले में विशेष फूड कोर्ट बनाया जाएगा, जहां विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के साथ लोकप्रिय खाद्य पदार्थ भी उपलब्ध होंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक कलाकारों, नृत्य मंडलियों और पारंपरिक कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। प्रसिद्ध सूफी एवं लोक गायक कंवर ग्रेवाल की संगीतमय प्रस्तुति भी मेले की खास पेशकश होगी।

आयोजन का उद्देश्य भारतीय हस्तशिल्प, लोक संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने के साथ सांस्कृतिक पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। यह मेला दिवाली की खरीदारी, मनोरंजन और भारतीय सांस्कृतिक विरासत का अनुभव करने के लिए लोगों को एक मंच प्रदान करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित